भाजपा के 40वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने कार्यकर्ताओं को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये संबोधित किया | उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि कोरोना के खिलाफ जंग लम्बी चलने वाली है | अतः उन्हें न तो थकना है न ही इस से हार माननी है | उन्होंने ट्विटर पर भी सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के स्थापना दिवस पर शुभकामना और बधाई दी। भाजपा की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी।
लंबी लड़ाई के लिए तैयार देश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना से चल रही लड़ाई को लंबी जंग बताया। उन्होंने कहा कि देश को लंबी लड़ाई के लिए तैयार होना होगा। इसमें न थकना है, न हारना है। लंबी लड़ाई के बावजूद हमें जीतना है, विजय होकर निकलना है। संकल्प एक है कोरोना के खिलाफ विजय, लड़ाई में जीत।
भारत के प्रयासों की सराहना हुई
मोदी ने कहा, ‘भारत ने जितनी तेजी से काम किया आज उसकी प्रशंसा भारत के साथ वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन ने भी की है। तमाम देश एकजुट होकर कोरोना से लड़े इसके लिए सार्क बैठक, जी20 सम्मेलन किया गया। भारत ने इन सारे आयोजनों में भारत की भूमिका अहम रही।’
पांच आग्रह किए :-
गरीबों को राशन पहुंचाएं
जब से यह संकट शुरू हुआ है, भाजपा के लाखों कार्यकर्ता दिन-रात गरीबों की मदद करने और उन्हें राशन पहुंचाने में जुटे हैं। हरेक भाजपा कार्यकर्ता पक्का कर ले कि हमारे आसपास एक भी गरीब भूख नहीं रहेगा। अपने साथ ही 5 घरों के लिए भी खाना बनाएं और जरूरतमंद लोगों के बीच वितरण करें। समाज के सभी लोगों का मनोबल बढ़ाना हमारा दायित्व है।
मास्क पहनकर बाहर निकलें
घर से निकलते समय सभी लोग मास्क पहनें। दूसरे लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। यह जरूरी नहीं कि हम मेडिकल कर्मचारियों और सफाईकर्मियों के लिए इस्तेमाल होने वाला मास्क पहनें। कोई भी ऐसा कपड़ा, जिससे हमारा चेहरा ढंक जाए।
जरूरी सेवाओं में लगे लोगों का आभार जताएं
40 घरों के लिए धन्यवाद पत्र लेकर जाएं। आपके इलाके में जो भी नर्स और सफाईकर्मी, पुलिसकर्मी, बैंक और पोस्टऑफिस में काम करने वाले और अन्य सरकारी सेवाओं में लगे लोगों का हमें आभार प्रकट करना है। 40 घर के पांच अलग-अलग लोग इस धन्यवाद पत्र पर हस्ताक्षर करें। हम जितना साथ मिलकर काम करेंगे, महामारी को उतना जल्द हरा सकेंगे।
आरोग्य सेतु मोबाइल ऐप डाउनलोड करें
भाजपा के सभी कार्यकर्ता आरोग्य सेतु मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और कम से कम 40 लोगों के मोबाइल में इसे डाउनलोड करवाएं। इस ऐप से बीमारी की स्थिति में आपके आसपास कैसा माहौल है, इसका पता चलेगा।
प्रधानमंत्री राहत कोष में मदद दें
महामारी के खिलाफ यह युद्ध मानवता के लिए है। युद्ध के समय देश की सुरक्षा में मदद के लिए हमारी परंपरा दान देने की रही है। इस समय लाखों लोग पीएम केयर फंड में दान कर रहे हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता खुद सहयोग करे और पार्टी के 40 साथियों को भी सहयोग करने के लिए प्रेरित करे।