साफ नियत और सच्चे मन से किसी काम को शुरू किया जाता है तो वो जरूर सफल होता है कुछ यही हाल भारत में चल रहे कोरोना वैक्सीनेशन अभियान में भी देखा गया है। सरकार की ईमानदारी का ही नतीजा है कि आज भारत में 50 करोड़ लोगों के टीकाकरण हो चुका है। सबसे बड़ी बात ये है कि पिछले 20 दिनों में इसमें काफी तेजी भी देखने को मिल रही है।
टीकाकरण ने ऐसे पकड़ी रफ्तार
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक देश को 10 करोड़ का आंकड़ा छूने में 85 दिन लगे। वहीं अगले 45 दिन में 20 करोड़ के आंकडे़ को पार कर गए जबकि और 29 दिन बाद 30 करोड़ के आंकड़े पर पहुंच गए। इसके 24 दिन बाद देश ने 40 करोड़ के आंकड़े को पार कर लिया। इसके बाद महज 20 दिन में 50 करोड़ टीकाकरण के आंकड़े को हासिल कर लिया गया। गौरतलब है कि 16 जनवरी से देश में वैक्सीन अभियान की शुरूआत हुई थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि केंद्र की तरफ से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक कोरोना रोधी वैक्सीन की 51.16 करोड़ डोज उपलब्ध कराई गई हैं। जल्द ही इन्हें 20,49,220 डोज और उपलब्ध करा दी जाएंगी। मंत्रालय ने यह भी बताया कि राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और निजी अस्पतालों के पास अभी उपयोग के लिए 2.30 करोड़ डोज उपलब्ध हैं। अब तक 49.53 करोड़ डोज लगाई जा चुकी हैं।
पीएम मोदी ने देश को इस अवसर पर दी बधाई
पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘कोरोना के खिलाफ भारत की जंग को जोरदार गति मिली है। टीकाकरण का आंकड़ा 50 करोड़ को पार कर चुका है। हम इस आंकड़े को विस्तार देने और ‘सबको वैक्सीन, मुफ्त वैक्सीन’ के तहत अपने सभी नागरिकों को वैक्सीन लगाने की उम्मीद करते हैं।’ सरकार ये मान कर चल रही है कि साल के खत्म होने तक कम से कम एक डोज देश के सभी लोगों को दे दी जाये। इसके लिये तेजी से देश में काम भी हो रहा है। इसी क्रम में भारत में जानसन एंड जानसन की वैक्सीन को आपातकालीन मंजूरी दे दी है। जिसके बाद आने वाले दिनो में भारत में 5 वैक्सीन बाजार में होगी। और इसी के जरिये सरकार मान के चल रही है कि साल के अंत तक 135 करोड़ भारतीयों के वैक्सीनेशन का काम पूरा हो जायेगा।
पहले को देखते हुए अगर अब देखे तो आंकड़े यही बता रहे है कि देश में कोरोना के वक्सीनेशन का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। तभी पहले 10 दिन और अंतिम के 10 में जमीन आसमान का अतंर देखने को मिल रहा है और कयास यही लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनो में इसकी स्पीड और तेज हो जायेगी।